नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने गौवंशों को कुचला, 15 की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

(धीरेंद्र मेहता) : मुंगेली जिले के ग्राम किरना के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 130 पर गुरुवार तड़के एक भीषण हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे बैठे गौवंशों को कुचल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक दुर्घटना में गौवंश वाहन की चपेट में आ गए, जिनमें से 15 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हैं। ये दृश्य इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। गुस्साए ग्रामीण, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और गौरक्षक बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और एनएच-130 को जाम कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि ये कोई पहली घटना नहीं है। प्रशासन और एनएच अधिकारियों की लापरवाही के चलते ये दर्दनाक हादसा हुआ है। घायल गौवंश कई घंटों तक तड़पते रहे, लेकिन कोई मदद नहीं पहुंची।घटना की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचा है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और मार्ग जाम है।अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।




