अवैध अप्रवासियों पर पुलिस की सख्ती, एसपी ने जारी की चेतावनी

जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रूप से रह रहे अप्रवासियों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने सख्त निगरानी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मकान मालिकों, होटल संचालकों और संस्थानों से किरायेदारों व कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है।
एसपी ने कहा कि जिले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाहरी व्यक्तियों की जानकारी रखना जरूरी है। मकान मालिकों को किरायेदारों का आधार कार्ड, फोटो और मोबाइल नंबर दर्ज करने के साथ पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं राइस मिल, फैक्ट्री, ठेकेदार, होटल, लॉज और धर्मशालाओं को भी नए कर्मचारियों और आगंतुकों का रिकॉर्ड रखने तथा सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905, पुलिस कंट्रोल रूम 9479193199 या आपात स्थिति में 112 पर दें। एसपी ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को परेशान करना नहीं, बल्कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। साथ ही किरायेदारों की जानकारी छिपाने वाले मकान मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है।




