
लोरमी पुलिस ने पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर नकेल कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर की सूचना पर थाना लोरमी पुलिस ने घेराबंदी कर 86.250 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी और एक नाबालिग को पकड़ा।
15 फरवरी को पुलिस को सूचना मिली कि दो व्यक्ति महिंद्रा एक्सयूवी कार (सीजी 12 एएफ 3456) में भारी मात्रा में गांजा लेकर ग्राम कुधुरताल लालपुर से खेकतरा पलाट जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कोतरी नाला के पास वाहन को रोका।
तलाशी लेने पर तीन सफेद प्लास्टिक बोरियों में कुल 84 पैकेट गांजा (वजन 86.250 किलोग्राम) बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 8.50 लाख रुपये आंकी गई। साथ ही, परिवहन में प्रयुक्त कार की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी राजू साहू (32 वर्ष) निवासी कुधुरताल, थाना लालपुर, जिला मुंगेली को गिरफ्तार कर लिया, वहीं एक नाबालिग को भी पकड़ा गया। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना लोरमी पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




