तेज रफ्तार ई-रिक्शा पलटा, एक की मौत, 6 घायल

जांजगीर-चांपा जिले से रविवार सुबह सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बिर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम करनौद में तेज रफ्तार ई-रिक्शा के पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 5 बजे एक ई-रिक्शा चालक चांपा रेलवे स्टेशन से छह सवारियों को लेकर निकला था। ग्राम करनौद के पास सड़क पर धुंध और तेज रफ्तार के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे ई-रिक्शा सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में सभी यात्री सड़क पर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों और स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 45 वर्षीय घासी राम खूंटे को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
मृतक घासी राम खूंटे सक्ती जिले के मालखरौदा क्षेत्र के निवासी थे। परिजनों के अनुसार वे हैदराबाद में मजदूरी करते थे और रविवार सुबह चांपा रेलवे स्टेशन से अपने गांव कुरदा जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए थे।
एसडीओपी यदुमणि सिदार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, बिर्रा थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।




