छत्तीसगढ़

इमली की बोरियों के नीचे छिपा था लाखों का गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार

सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इमली की बोरियों के नीचे छिपाकर गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक से 94 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 9 लाख 40 हजार रुपये बताई जा रही है।

Advertisement

मुखबिर की सूचना पर डोंगरीपाली थाना पुलिस ने सुहेला-बरमकेला मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर उत्तर प्रदेश नंबर के एक आयशर ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में करीब 12 टन इमली की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया 94 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

 

पुलिस ने इस मामले में झारखंड निवासी ट्रक चालक जगत मोदक और मध्यप्रदेश निवासी खलासी सुनील बर्मा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ डोंगरीपाली थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

Related Articles

Back to top button