क्रिकेट मैच में खुद को गृह मंत्री का OSD बताकर खिलाड़ियों को धमकाने वाला आरोपी जेल भेजा गया

दुर्ग के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में क्रिकेट मैच के दौरान खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बताकर खिलाड़ियों को डराने-धमकाने और अभद्र व्यवहार करने वाले आरोपी पर पुलिस ने कार्रवाई की है। खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामला दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम खुर्सीपार का है, जहां क्रिकेट मैच के दौरान आरोपी सर्वेश सिंह खिलाड़ियों पर दबाव बनाते हुए खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बता रहा था। आरोपी पर खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार और डराने-धमकाने का आरोप है।
घटना की शिकायत जय प्रकाश ने थाना खुर्सीपार में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी सर्वेश सिंह, निवासी जांजगीर-चांपा के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की.
पुलिस ने आरोपी को अनुविभागीय दण्डाधिकारी छावनी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।




