चलती गाड़ी की छत पर बर्थडे सेलिब्रेशन, वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में सोशल मीडिया रील बनाने के चक्कर में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटकर और पटाखे जलाकर स्टंटबाजी करने वाले युवक-युवती पर पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है।
मामला रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड का है, जहां काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 में युवक-युवती ने चलती गाड़ी की छत पर केक काटा और आतिशबाजी की। इस दौरान वाहन तेज रफ्तार में सड़क पर दौड़ रहा था। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आते ही कोनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़कर थाना लाया। पूछताछ में वाहन चालक अरविंद सैनी, निवासी कुदुदंड बिलासपुर ने घटना स्वीकार की। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन सहित विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर इस तरह की लापरवाही और स्टंटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




