घरेलू विवाद खूनी संघर्ष में बदला, भाई ने की बड़े भाई की हत्या…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में गुरुवार शाम एक घरेलू व संपत्ति विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में छोटे भाई ने बड़े भाई पर हंसिया से हमला कर उसकी मौके पर ही जान ले ली।
भिलाई तीन थाना पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम लगभग 7 बजे घटी। मृतक और आरोपी सगे भाई हैं और दोनों एक ही छत के नीचे रहते थे। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे परिवार में कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना के समय दोनों भाई साथ में शराब पी रहे थे, इसी दौरान संपत्ति के मुद्दे पर विवाद शुरू हुआ। आरोपी मुकेश निर्मलकर आवेश में आ गया और घर से हंसिया लेकर बड़े भाई राजू निर्मलकर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
घटना इतनी तेज थी कि किसी को बीच-बचाव का मौका नहीं मिला। राजू निर्मलकर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।पुलिस ने परिवार से मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।




