बेटे और दामाद ने मिलकर की पिता की हत्या, हुए गिरफ्तार….

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक बेटे और दामाद ने मिलकर एक बुज़ुर्ग की हत्या कर दी। पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि डंडे से वार कर पिता की जान ले ली गई। घटना बागबहार थाना क्षेत्र के खाड़ामाचा गांव की है।
मामला 22 जून का है। मृतक आनंद सिंह पैंकरा के घर घरेलू विवाद के चलते उसकी बेटी गीता पैंकरा और दामाद रोहित पैंकरा के बीच झगड़ा हो रहा था। जब आनंद सिंह ने बेटी को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी दामाद ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। इसी दौरान मृतक का बेटा सुनील पैंकरा भी आपा खो बैठा और उसने भी अपने ही पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल आनंद सिंह को रायगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के आरोप में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। हत्या में प्रयुक्त डंडे भी ज़ब्त किए गए हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




