पत्रकारिता की आड़ में भयादोहन: व्यवसायी से 2 लाख की मांग, शादाब और जफर पर FIR दर्ज….

बिलासपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्रकारिता की आड़ में व्यवसायी से दो लाख रुपये की मांग करने वाले दो व्यक्तियों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने भयादोहन का मामला दर्ज किया है।
फैज नगर निवासी शादाब खान और सरकंडा निवासी एसएम जफर आगा पर व्यवसायी सौरभ पांडे से कथित रूप से दो लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगा है। दोनों आरोपी जमीन का कारोबार भी करते हैं और एक दैनिक अखबार के जरिये पत्रकारिता से भी जुड़े हुए हैं।
पीड़ित सौरभ पांडे का आरोप है कि शादाब और जफर ने उनके खिलाफ फर्जी खबरें प्रकाशित कीं और छवि को नुकसान पहुंचाया। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो खबर न चलाने के एवज में पैसे मांगे गए।
टीआई सिविल लाइन एसआर साहू ने बताया कि : “दोनों आरोपियों के खिलाफ भयादोहन का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।”
सौरभ पांडे ने एसएसपी को आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की थी। इसके बाद सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 384 के तहत मामला कायम किया है।




