जादू-टोना के शक में महिला की बेरहमी से हत्या, पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुवा में जादू-टोना के शक में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक 48 वर्षीय गोईदी बाई अपने घर में मृत अवस्था में मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गुप्तांग में गंभीर चोट लगने से होना पाया गया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतिका के पति ठूपन राम समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि जादू-टोना के शक और आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने महिला पर हमला कर लकड़ी के डंडे से गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




