ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, 2 महिलाओं समेत 4 की मौत, मासूम घायल

भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अमृत निर्मलकर अपने परिवार के साथ बसंत विहार, रायपुर स्थित मामा के घर जा रही थीं। स्कूटी पर कुल पांच लोग सवार थे।
रास्ते में राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े CG 07 NA 0930 क्रमांक के ट्रैक्टर, जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर लोड थे, के पीछे स्कूटी जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), यासना (7) और डाली (4) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया है।
दुर्ग पुलिस ने दुर्घटना में संलिप्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए थाना लाया गया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी में रखा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।




