देश

संजय सिंह गिरफ्तारी के खिलाफ पहुंचे हाई कोर्ट, ED रिमांड को भी दी चुनौती….तुरंत होगी सुनवाई

दिल्ली के कथित शराब घोटाले में गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। संजय सिंह ने ईडी के ऐक्शन को गलत बताते हुए अपनी गिरफ्तारी को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी। उन्होंने ट्रायल कोर्ट द्वारा उन्हें दी गई रिमांड को भी चुनौती दी है। कोर्ट इस मामले पर आज ही सुनवाई करेगा।

पिछले सप्ताह 10 घंटे से अधिक समय तक छापेमारी और पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। अगले दिन उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। सांसद को पहले 5 दिन और फिर 3 दिन की ईडी रिमांड पर भेजा गया। वह फिलहाल ईडी दफ्तर में सवालों का सामना कर रहे हैं। अब उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी है।

संजय सिंह से पहले शराब घोटाले में उनकी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। सिसोदिया को इस साल फरवरी के अंत में पहले सीबीआई और फिर ईडी ने गिरफ्तार किया था। वह तब से जेल में ही है। संजय सिंह और सिसोदिया के अलावा आम आदमी पार्टी के नेता विजय नायर को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। केंद्रीय जांच एजेंसियों का दावा है कि दिल्ली की शराब नीति में कारोबारियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाया गया और बदले में उन्हें रिश्वत मिली। हालांकि, आम आदमी पार्टी आरोपों को नकारती रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button