लूट की कोशिश नाकाम, ATM को रस्सी से खींच रहे थे चोर, पुलिस के पहुंचते ही जंगल की ओर हुए फरार

जशपुर जिले के कुनकुरी में पुलिस की सतर्क रात्रि गश्त ने ATM लूट की एक बड़ी घटना को होने से पहले ही नाकाम कर दिया। मामला कुनकुरी स्थित पंजाब नेशनल बैंक के ATM बूथ का है, जहां देर रात अज्ञात आरोपियों ने ATM मशीन को रस्सी से बांधकर पिकअप वाहन की मदद से उखाड़ने की कोशिश की।
घटना रात करीब 1 बजे से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। इसी दौरान गश्त पर निकली कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस को देखकर आरोपी पिकअप वाहन से फरार होने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने वाहन में रखे पत्थरों से पुलिस वाहन पर हमला किया, जिससे पुलिस वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।इसके बाद आरोपी तपकरा की ओर भागे और कुंजारा जंगल के पास पिकअप वाहन को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। मौके से बरामद पिकअप वाहन का नंबर JH 07 E 9167 बताया जा रहा है।
पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और घटनास्थल सहित आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपियों की सघन तलाश शुरू कर दी है।जशपुर पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस प्रोफेशनल तरीके से जांच में जुटी हुई है।




