महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी कर वीडियो वायरल करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार….

जशपुर – थाना बगीचा क्षेत्र में दो महिलाओं के खिलाफ अश्लील बातें करते हुए वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 मई 2025 को दो विवाहित महिलाएं थाना बगीचा पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई कि गांव के ही राजेश यादव और बबलू यादव ने उनके बारे में अश्लील बातें करते हुए एक वीडियो बनाया और उसे गांव में अन्य लोगों को भेजकर वायरल कर दिया। इससे उनकी सामाजिक छवि धूमिल हुई और वे मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रही हैं।
महिला संबंधित इस गंभीर और संवेदनशील मामले को पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में लाया गया, जिनके निर्देश पर थाना बगीचा में बीएनएस की धारा 79, 75(1)(4) एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
जांच में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजेश यादव (25 वर्ष) और बबलू यादव (19 वर्ष) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि यह वीडियो उन्होंने सुधीर यादव (19 वर्ष), प्रवीण यादव (21 वर्ष), और रामचंद्र यादव (35 वर्ष) को भेजा था। इन तीनों ने भी वीडियो को अन्य लोगों को शेयर किया।
इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से वीडियो बनाने व शेयर करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।
आरोपियों को अपराध स्वीकार करने और पुख्ता साक्ष्य मिलने पर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतलाल आयाम, एएसआई नरेश सिंह, बैजन्ती किंडो, आरक्षक मुकेश पांडे और उमेश भारद्वाज की विशेष भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि जशपुर पुलिस महिलाओं के विरुद्ध किसी भी अपराध को लेकर पूरी तरह सतर्क और संवेदनशील है। इस मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं गया है और आगे भी ऐसी किसी भी हरकत पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




