देश

पांच राज्यों के कांग्रेस अध्यक्षों से मांगा गया इस्तीफा….

(शशि कोन्हेर) : नई दिल्ली – यूपी और पंजाब सहित 5 राज्यों में हार के बाद कांग्रेस हाईकमान ने कार्रवाई करते हुए इन प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा है। पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। कहा- सोनिया गांधी ने यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा देने के लिए कहा है। सीडब्ल्यूसी की मीटिंग के बाद सोनिया गांधी एक्शन में हैं। उन्होंने पांचों राज्यों के प्रेसिडेंट्स को इस्तीफा देने के लिए कहा है।


इधर, उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपना इस्तीफा सोनिया गांधी को भेज दिया है। सोशल मीडिया पर लेटर शेयर करते हुए गोदियाल ने लिखा- हाईकमान के आदेश के बाद मैंने अपना इस्तीफा भेज दिया है। हार की नैतिक जिम्मेदारी मेरी है। संगठन के तमाम कोशिशों के बावजूद हम सरकार नहीं बना पाए।


पांच राज्यों में कांग्रेस की करारी शिकस्त के बाद पंजाब में प्रदेश अध्यक्ष सिद्धू को हटाने की मांग उठ रही थी। यूपी और उत्तराखंड में भी पार्टी नेता एक-दूसरे पर हार का ठीकरा फोड़ रहे थे। यूपी के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू हैं। उत्तराखंड में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल हैं। गिरीश चोडांकर गोवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष है। मणिपुर में यह जिम्मेदारी एन लोकेन सिंह के पास है। हार के बाद समीक्षा के लिए बुलाई गई सीडब्ल्यूसी की बैठक में सोनिया गांधी को फेरबदल के लिए अधिकृत किया गया था। मीटिंग में कहा गया था कि कार्यसमिति सोनिया गांधी के नेतृत्व पर भरोसा करती है और वे किसी भी तरह का बदलाव कर सकती हैं। इस बैठक में सभी राज्य के प्रभारियों ने हार के कारणों पर रिपोर्ट सौंपी थी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button