जमीन विवाद बना हत्या का कारण, 5 आरोपी गिरफ्तार

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जरहागांव थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज वारदात में आरोपियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत मृतक का अपहरण कर बेरहमी से हत्या की।
पुलिस के अनुसार, मृतक राजकुमार धुरी बिलासपुर से काम कर अपने गांव बरेला आया हुआ था। 26 दिसंबर को वह पंजाब नेशनल बैंक में बैंक संबंधी काम से पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने राजकुमार का अपहरण किया और कार क्रमांक एचपी 38 एफ 2528 में बैठाकर ले गए।
आरोपियों ने चलती कार में राजकुमार के साथ जमकर मारपीट की और गंभीर हालत में उसे वापस उसके घर के पास फेंककर फरार हो गए। परिजनों ने जब उसे घायल अवस्था में देखा तो तत्काल तखतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और गवाहों के बयान के आधार पर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार साहू, पोमेश, सोनु राम साहू, उत्तम साहू और समीर कोशले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की है।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 194/25 के तहत आरोपियों पर धारा 140(1), 103(2), 61(2)(ए), 238(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




