प्रयागराज महाकुंभ: बिलासपुर रेल मंडल से स्टाफ की तैनाती, यात्रियों को मिल रही सुविधाएं

(भूपेंद्र सिंह राठौर/जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसे देखते हुए रेलवे ने कई विशेष तैयारियां की हैं। विशेष ट्रेनों से लेकर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती तक, रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
प्रयागराज महाकुंभ में देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, और इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अपनी तैयारियों को और मजबूत कर दिया है। प्रयागराज के आठ रेलवे स्टेशनों से विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें प्रयागराज जंक्शन, प्रयाग, फाफामऊ, प्रयागराज रामबाग, झूंसी, सूबेदारगंज, नैनी और प्रयागराज छिवकी शामिल हैं।
बिलासपुर रेल मंडल से भी रेलवे स्टाफ को प्रयागराज भेजा गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि बिलासपुर रेल मंडल ने बताया कि यहां से कई रेलकर्मी प्रयागराज भेजे गए हैं, जो अलग-अलग स्टेशनों पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
बुकिंग स्टाफ और अन्य रेलवे कर्मियों को प्रयागराज भेजा है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। अभी भी हमारे कर्मचारी अलग-अलग जगहों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हमारी कोशिश है कि यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो।
रेलवे की इन तैयारियों से यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है। प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे हर संभव सुविधा देने की कोशिश कर रहा है।




