टोनही बताकर महिला पर अत्याचार, मां-बेटे गिरफ्तार

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में टोनही प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला को टोनही बताकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मां-बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला तखतपुर थाना क्षेत्र के ढनढन गांव का है पीड़िता ने 5 अप्रैल को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि पड़ोस में रहने वाले देवेन्द्र बघेल गिर पड़े थे। आवाज सुनकर जब वह अपने घर से बाहर आयी तो आरोपी की मां सुमित्रा बाई बघेल ने उसे गालियां दीं और मारपीट की।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी पीड़िता को टोनही कहकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया। इसके बाद विवेचना में टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4 और 5 भी जोड़ी गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तखतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेन्द्र बघेल और सुमित्रा बाई बघेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




