प्रयागराज में छत्तीसगढ़ का पहुना दिल छू गया, आवभगत कर की जा रही मदद….

(भूपेंद्र सिंह राठौर/जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – संगम नगरी प्रयागराज में महाकुंभ जहां देश-विदेश से श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने पहुंचे हैं। छत्तीसगढ़ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विशेष व्यवस्था करवाई है। प्रयागराज महाकुंभ के सेक्टर-6 में छत्तीसगढ़ पवेलियन बनाया गया है, जहां नि:शुल्क ठहरने और भोजन की सुविधा दी जा रही है।
संगम नगरी प्रयागराज में महाकुंभ की धूम है। देश और दुनिया भर से श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। इस बार 144 साल बाद बना दुर्लभ दैवीय संयोग कुंभ की भव्यता को और भी खास बना रहा है। छत्तीसगढ़ से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने वहां विशेष व्यवस्था कराई है।
प्रयागराज महाकुंभ के सेक्टर-6 में छत्तीसगढ़ पेवेलियन बनाया है, जहां श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है। यह पवेलियन बघाड़ा मेला के पास स्थित है, जहां श्रद्धालु लक्ष्मी द्वार से प्रवेश कर सकते हैं। निकटतम रेलवे स्टेशन प्रयाग है, और सड़क व हवाई मार्ग से आने वाले श्रद्धालु इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के रास्ते होते हुए यमुना ब्रिज क्रॉस कर यहां पहुंच सकते हैं।
यहां 24 घंटे जनसंपर्क विभाग के अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं, जो श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रख रहे हैं। आधार कार्ड दिखाने पर आसानी से पंजीकरण कर श्रद्धालु इस सेवा का लाभ उठा सकते हैं। छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल से लाखों श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगा पा रहे हैं।




