पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सट्टा लिखते महिला आरोपी गिरफ्तार, 37,500 नकद व मोबाइल जब्त

रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जूटमिल पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना जूटमिल पुलिस ने ग्राम अमलीभौना इंदिरा आवास में छापा मारकर सट्टा पट्टी लिख रही एक महिला को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय सटोरियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने मौके से आरोपी महिला रूपा लहरे को पकड़ा, जो कागज पर सट्टा पट्टी लिखने के साथ-साथ मोबाइल के जरिए व्हाट्सएप पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रही थी। पूछताछ में महिला ने कमीशन पर सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से सट्टा पट्टी लिखा कागज, मोबाइल फोन, 37,500 रुपये नकद और एक डॉट पेन जब्त किया गया है।
मामले में जूटमिल थाना में छत्तीसगढ़ जुआ निषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सटोरियों और खाईवालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अवैध जुआ-सट्टा और शराब जैसे अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




