ऑपरेशन मुस्कान में सफलता, दो नाबालिग बालिकाएं सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत छाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जोबी क्षेत्र की दो नाबालिग बालिकाएं, जो 18 फरवरी से लापता थीं, उन्हें पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी सीताराम सारथी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में सामने आया कि आरोपी बालिकाओं को काम दिलाने का झांसा देकर मध्यप्रदेश ले गया था। सूचना के आधार पर घरघोड़ा क्षेत्र में दबिश देकर दोनों बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब किया गया।
प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार फरवरी माह में दर्ज गुमशुदगी मामलों में अब तक 17 नाबालिगों को सकुशल बरामद किया जा चुका है।एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




