नासमझी में रेड कार्यवाई का वीडियो किया वायरल, पुलिस ने बताया कानून का नियम…..

रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस कार्यवाही का विरोध करना और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट शेयर करना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक ने बाद में अपनी गलती स्वीकार करते हुए विवादित पोस्ट हटाने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक छाल पुलिस को ग्राम पंचायत छाल के महाराणा प्रताप चौक के पास रहने वाली एक महिला द्वारा अवैध शराब बिक्री किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और नियमानुसार शराब रेड कार्रवाई की।इसी दौरान वहां मौजूद सूरज कमलवंशी नाम का युवक पुलिस कार्रवाई का विरोध करने लगा और पुलिसकर्मियों से सर्च वारंट मांगने लगा। बताया जा रहा है कि युवक लगातार कार्रवाई में हस्तक्षेप करता रहा और पुलिस की छवि खराब करने की बात भी कहता रहा। बाद में युवक ने सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई को लेकर भ्रामक पोस्ट भी साझा कर दिया।
मामला सामने आने के बाद युवक एसपी कार्यालय पहुंचा, जहां अधिकारियों ने उसे समझाया कि वैधानिक परिस्थितियों में पुलिस बिना सर्च वारंट के भी अवैध शराब के मामलों में कार्रवाई कर सकती है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यवाही में बाधा डालना और सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाना दंडनीय अपराध है।
समझाइश के बाद युवक ने स्वीकार किया कि उसने फिल्मों से प्रभावित होकर सर्च वारंट की मांग की थी। युवक ने अपनी गलती मानते हुए विवादित पोस्ट हटाने और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने का आश्वासन दिया।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।




