देश

9वीं मंज़िल से गिरकर तीन नाबालिग सगी बहनों की मौत, ऑनलाइन गेम की थी आदी, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

गाजियाबाद से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसायटी में बीती रात तीन नाबालिग सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों बहनें 9वीं मंज़िल से नीचे गिर गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह मामला भारत सिटी सोसायटी के बी-1 टॉवर का है, जहाँ फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीन सगी बहनें निशिका उम्र 16 साल, प्राची 14 साल और पाखी 12 साल देर रात करीब दो बजे 9वीं मंज़िल से गिर गईं। घटना के वक्त पूरा परिवार सो रहा था। बताया जा रहा है कि तीनों बहनों ने प्लास्टिक की कुर्सी का इस्तेमाल कर नीचे छलांग लगाई।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्राथमिक जांच में जो बातें सामने आ रही हैं, वो और भी चिंताजनक हैं।पुलिस के मुताबिक, तीनों बहनें ऑनलाइन मोबाइल गेम्स की आदी थीं। बताया जा रहा है कि वे एक ऑनलाइन टास्क-बेस्ड कोरियन लवर गेम खेलती थीं और इस गेम को लेकर काफी समय से एडिक्शन में थीं। परिवार इस लत के खिलाफ था और माता-पिता अक्सर उन्हें गेम खेलने से रोकते थे।

Advertisement

सूत्रों के अनुसार, तीनों बहनें हर काम एक साथ करती थीं, चाहे वह नहाना हो, खाना, स्कूल जाना या सोना। COVID-19 महामारी के दौरान उनकी ऑनलाइन गेम्स में रुचि बढ़ी और बाद में यह लत में बदल गई। पुलिस का यह भी कहना है कि तीनों लड़कियां नियमित रूप से स्कूल नहीं जा रही थीं।हालांकि, यह सामूहिक आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।

 

पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मोबाइल फोन, ऑनलाइन गेम्स, चैट हिस्ट्री और परिवार के बयान खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।गाजियाबाद की यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। बच्चों में बढ़ती ऑनलाइन गेमिंग की लत और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर यह मामला कई सवाल खड़े करता है। पुलिस जांच जारी है, और सच सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Related Articles

Back to top button