डीजल चोरी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2000 लीटर डीजल व टैंकर जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2000 लीटर चोरी का डीजल और एक छोटा डीजल टैंकर जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन में साइबर सेल और छाल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। दरअसल, छाल थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों से लगातार डीजल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
22 जनवरी को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हाटी–धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग पर ढोडीखार के पास कुछ लोग चोरी का डीजल बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक छोटे डीजल टैंकर के साथ तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विजय कुमार साव, रवि कुमार साव और टैंकर चालक रजिंत कुमार साव के रूप में हुई है। टैंकर की तलाशी में करीब 2000 लीटर डीजल बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी कर सस्ते दामों में बेचते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं गिरोह का एक अन्य सदस्य राजेश उर्फ कुरू साव फरार है, जिसकी तलाश जारी है।रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई को डीजल चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।




