रेंज आईजी डॉ. संजीव शुक्ला ने श्री श्याम मंदिर चोरी स्थल का किया निरीक्षण, विशेष टीम को दिए कड़े निर्देश

रायगढ़ – श्री श्याम मंदिर में हाल ही में हुई चोरी की वारदात के बाद अब खुद बिलासपुर रेंज के आईजी डॉ. संजीव शुक्ला मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने घटना स्थल का मुआयना करते हुए जांच टीम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस संवेदनशील मामले की हर एंगल से जांच हो और किसी भी सुराग को नजरअंदाज न किया जाए।
आज 17 जुलाई 2025 को रेंज आईजी डॉ. संजीव शुक्ला रायगढ़ पहुंचे और संजय कॉम्प्लेक्स स्थित श्री श्याम मंदिर में 13-14 जुलाई की रात हुई चोरी की घटना का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर मंडल के पदाधिकारियों से बातचीत कर घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली।
घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट पेश की। आईजी डॉ. शुक्ला ने मंदिर परिसर के साथ-साथ आस-पास के क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया और तकनीकी जांच को और तेज़ करने के निर्देश दिए।
इसके बाद डॉ. शुक्ला पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां उन्होंने इस केस के लिए गठित विशेष टीम के साथ बैठक की। उन्होंने जांच की दिशा पर चर्चा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच में कोई कोताही न बरती जाए।एसपी दिव्यांग पटेल ने बताया कि टीम तकनीकी साक्ष्य और फील्ड इनपुट के आधार पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।फिलहाल, पुलिस हर एंगल पर बारीकी से जांच कर रही है।




