फार्म हाउस में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस की रेड, ड्रोन से की निगरानी, 16 जुआरी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस में चल रहे जुए के अड्डे का खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मुजगहन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ड्रोन के जरिए निगरानी कर रेड कार्रवाई की, जिसमें एक दर्जन से अधिक जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित हंसी-खुशी फार्म हाउस में जुए का फड़ लगाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि ड्रोन कैमरे से की गई, जिसमें ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाते जुआरी नजर आए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान 16 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 2 लाख 12 हजार 600 रुपये नगद, 2 चारपहिया वाहन, 8 दोपहिया वाहन, 17 मोबाइल फोन और ताशपत्ती जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 31 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना मुजगहन में जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, फार्म हाउस के मालिक के खिलाफ भी अलग से कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आउटर इलाकों में स्थित फार्म हाउसों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जुआ, सट्टा व अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




