25वीं रजत ध्वजा सह त्रिहानिका महोत्सव : रायपुर के 8 मुमुक्षुरत्न और साध्वीजी के साथ ध्वजाजी की अगुवाई में निकला भव्य वरघोड़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पावन धरा में राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित श्री कुंथुनाथ जिनालय में 25वीं रजत ध्वजा सह त्रिहानिका महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में आज, शनिवार को परम पूज्य साध्वी श्री नंदिषेणा श्रीजी म.सा. की पावन निश्रा में भव्यातिभव वरघोड़ा (शोभायात्रा) निकली। वरघोड़ा में ध्वजाजी के साथ, 2026 में राजधानी रायपुर से दीक्षा लेने वाले 8 मुमुक्षुरत्न और गुरू महाराज शामिल हुए। मंदिर को फूलों और विशेष लाइटों से हस्तिनापुर की तहर सजाया गया।
श्री छत्तीसगढ़ कुच्छी दशा ओसवाल जैन समाज, रायपुर के अध्यक्ष चंद्रेश वीरचंद शाह (छेडा), सचिव किशोर मेघजी मोती, उपाध्यक्ष भूपेंद्र गोविंदजी मोमाया, सह-सचिव हितेश शरद मोमाया, कोषाध्यक्ष हरीश शिवाजी लोडाया और 2025 रजत ध्वजा महोत्सव समिति के संयोजक हरीश जेवरचंद शाह ने बताया कि परम पूज्य साध्वी जी की पावन निश्रा में महोत्सव के द्वितीय दिवस शनिवार को सुबह 6.30 बजे श्री रजत पूजा, 7.30 बजे नवकारसी हुई और सुबह 8.30 बजे भव्य वरघोड़ा निकाला गया। सुबह 10 बजे धर्म सभा एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन हुआ और दोपहर 12 बजे साधार्मिक भक्ति के साथ 12.36 बजे श्री सिद्धचक्र महापूजन का आयोजन किया गया। इसके पश्चात शाम 5.30 बजे चौविहार और सायं 6.30 बजे भव्य आरती, मंगल दीपक का आयोजन किया गया। रात 7.30 बजे से भक्ति संध्या का आयोजन होगा, जिसमें मुंबई से पधारे कलाकारों ने अपनी सुमधुर संगीतमयी प्रस्तुति दी और लोग भाव-विभोर हो गए। इस अवसर पर 108 दीपकों से प्रभुजी की भव्य आरती की गई। महोत्सव के विधिकारक श्री राजा भाई नंदू मुंबई से पहुंचे और गुजरात की ढोल-शहनाई के सुरताल से महोत्सव और भी भव्य हो गया।
महोत्सव के तृतीय दिवस रविवार, 28 दिसंबर को सुबह 6.30 बजे श्री रजत पूजा, 7.30 बजे नवकारसी, 8.30 बजे श्री सतरभेदी पूजा का आयोजन होगा। शुभ मुहूर्त में श्री रजत ध्वजारोहण संपन्न होगा। इसके बाद 11.30 बजे साधार्मिक भक्ति एवं दोपहर 12.36 बजे (विजय मुहूर्त) लघु शांति पूजन होगा। सायं 5 बजे चौविहार तथा सायं 7 बजे भव्य आरती व मंगल दीपक का आयोजन किया जाएगा। अगले दिन सोमवार, 29 दिसंबर को शुभ मुहूर्त में ध्वजारोहण बोली द्वारा संपन्न होगी। प्रातः 6.30 बजे श्री रजत पूजा व 7.30 बजे नवकारसी आयोजित की जाएगी।




