देश

आपस में भिड़े पूर्वोत्तर के दो राज्यों के लोग…..एक-दूसरे पर चला रहे धनुष-तीर और गुलेल

Advertisement





(शशि कोन्हेर) : पूर्वोत्तर के दो राज्यों असम और मेघालय की अंतरराज्यीय सीमा पर फिर हिंसक झड़प हुई है, जिसमें एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है। दोनों राज्यों के लोगों ने एक-दूसरे पर हमला करने के लिए गुलेल, धनुष और तीर का इस्तेमाल किया। यह घटना तब हुई जब मेघालय के ग्रामीण विवादित भूमि के टुकड़े पर फसल काटने के लिए जमा हुए थे। मंगलवार को मेघालय के पश्चिम जैंतिया हिल्स जिले और असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के बीच सीमा पर लापांगप गांव में ये झड़पें हुईं। बुधवार को भी झड़पें जारी रहीं।

Advertisement
Advertisement

अधिकारियों ने बताया कि घटना में कार्बी आंगलोंग जिले का एक व्यक्ति घायल हो गया, जबकि मेघालय की ओर से किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। दोनों राज्यों के पुलिस दलों ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थानीय लोगों से बात कर उन्हें समझाया जिसके बाद स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। मेघालय के एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने झड़प वाले स्थान पर ग्रामीणों के जुटने पर रोक लगा दी। ऐसे में शांति तो है, लेकिन बुधवार को सुबह तक स्थिति तनावपूर्ण थी। वेस्ट जंयतिया हिल्स जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ”हम स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए असम के वेस्ट कार्बी आंगलोंग जिले में अपने समकक्षों के साथ समन्वय कर रहे हैं।”

Advertisement

लापांगप गांव के एक बुजुर्ग देइमोनमी लिंगदोह ने दावा किया कि गांव के किसान अपने धान के खेतों में काम कर रहे थे तभी खेतों के पास छिपे असम के लोगों ने उन पर गुलेल और तीर-कमान से हमला किया। उन्होंने कहा,”जैसे ही हमले के बारे में जानकारी मिली तो हमारे गांव के लगभग 250-300 लोग घटनास्थल पर पहुंचे और जवाबी हमला किया। कल पूरे दिन तनाव बना रहा।” उन्होंने जिला प्रशासन से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

Advertisement

वहीं, कार्बी आंगलोंग के तापत इलाके के स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मंगलवार को जब वे अपने खेतों में काम कर रहे थे तो पड़ोसी राज्य मेघालय के लगभग 200 लोगों ने उन पर गुलेल, लाठियों और खंजर से हमला किया। झड़प के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।

असम-मेघालय अंतरराज्यीय सीमा के एक विवादित खंड पर स्थित मुकरोह गांव में पिछले साल 22 नवंबर को हुई गोलीबारी की घटना में पांच मेघालय निवासियों और असम के एक वन रक्षक सहित कम से कम छह लोगों की मौत हो गई थी। अंतरराज्यीय सीमा को पुनर्गठित करने के लिए दोनों पड़ोसी राज्यों के बीच आधिकारिक वार्ता अग्रिम चरण में है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री वार्ता के एक और दौर के लिए अगले महीने की शुरुआत में बैठक करने वाले हैं।

असम और मेघालय ने मतभेद वाले छह क्षेत्रों में विवाद को सुलझाने के लिए पिछले साल एक सीमा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। सूत्रों ने बताया कि मतभेद वाले बाकी छह इलाकों पर बातचीत अग्रिम चरण में है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button