ऑपरेशन आघात :18 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार दूसरे दिन नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से रायगढ़ लाई जा रही गांजे की खेप को नाकेबंदी कर पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, स्कूटी और मोबाइल समेत करीब 2 लाख 11 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि नीले रंग की स्कूटी में तीन युवक अवैध रूप से गांजा लेकर रायगढ़ आ रहे हैं। सूचना के बाद ग्राम सम्बलपुरी मेन रोड पर घेराबंदी की गई। कुछ देर बाद संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी हेमसागर यादव के पास रखे दो बोरों से 18 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में खपाने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय एक्का, हेमसागर यादव और परमेश्वर यादव के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ चक्रधरनगर थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि रायगढ़ जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी, बिक्री व परिवहन में शामिल लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




