पुलिस की कोलकाता में बड़ी रेड: इंटरस्टेट क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 6 स्थायी वारंटी गिरफ्तार

रायगढ़ में क्रिकेट वर्ल्ड कप के दौरान ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले इंटरस्टेट गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।रायगढ़ पुलिस ने कोलकाता के हावड़ा स्थित एक होटल में दबिश देकर 6 स्थायी वारंटियों सहित 8 लोगों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में धर्मेंद्र शर्मा, शेख मोहम्मद शाहबाज, मोहम्मद मजहर, मोहम्मद फारूख और रोहित बुटानी शामिल हैं, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे।
पुलिस को आरोपियों के कब्जे से 25 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 1 टैबलेट, एक कैलकुलेटर और नगदी ₹3600 समेत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति जब्त हुई है। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए कई राज्यों में वर्ल्ड कप मैचों पर करोड़ों रुपये का दांव लगा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, इन आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2025 में थाना कोतवाली और चक्रधरनगर में जुआ एक्ट के तहत मामले दर्ज हुए थे। फरार होने के बाद इनके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी किया गया था।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर थाना, कोतवाली और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने यह सफल कार्रवाई की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि “जुआ-सट्टा से जुड़े अपराधियों को कहीं भी छुपने नहीं दिया जाएगा। रायगढ़ में जुआ-सट्टा पूरी तरह बंद कराने के लिए कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।”
फिलहाल पकड़े गए अन्य दो संदिग्धों अंकित सराफ और अजीत विश्वास की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश जारी है।रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह में हड़कंप मच गया है।




