रायगढ़

ऑपरेशन आघात : लाखों का गांजा जब्त, यूपी का तस्कर गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के कारोबार पर एक और बड़ा प्रहार करते हुए ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही 26.484 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है। लैलूंगा पुलिस ने घेराबंदी कर आई10 कार को रोका और वाराणसी निवासी 24 वर्षीय अर्जुन उपाध्याय को गिरफ्तार किया। जब्त गांजा की कीमत 13.24 लाख रुपये और कार सहित कुल जब्ती 16.24 लाख रुपये की बताई गई है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर कटकलिया-फोकटपारा तिराहा के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता से वाहन को रोक लिया। तलाशी में कार से 13 पैकेटों में पैक 26.484 किलो गांजा बरामद हुआ।

Advertisement

आरोपी के खिलाफ लैलूंगा थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत नशे के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button