जशपुर

“ऑपरेशन शंखनाद” : 11 किलो गौ मांस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

 

Advertisement

जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में करडेगा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहाँ 11 किलो गौ मांस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने चिन्हित कर लिया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Advertisement

मामला दिनांक 19 अप्रैल का है, जब करडेगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति एक बिना नंबर की काली मोटरसाइकिल में नीले-लाल बैग के भीतर गौ मांस भरकर गोड़अम्बा पंचायत भवन के पास बिक्री के इरादे से ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुँची और घेराबंदी कर दो आरोपियों — देव कुमार राम (37) निवासी जोकारी, थाना कुनकुरी तथा गोविन्द राम (26) निवासी ढोढिआरा, चौकी करडेगा — को हिरासत में लिया।

मौके से बरामद बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 11 प्लास्टिक थैलियों में रखा कच्चा मांस मिला, जिसकी पशु चिकित्सक से जांच कराने पर उसे गौ वंश का मांस पाया गया। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धाराओं 4, 5, व 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मांस को ग्राम बनडेगा से लेकर जोकारी, थाना कुनकुरी बेचने के लिए जा रहे थे। इस पूरे अभियान में चौकी प्रभारी करडेगा उप निरीक्षक भागवत नायकर, आरक्षक कालेश्वर, राजकुमार यादव, व सैनिक बंधन राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी कि फरार आरोपी को चिन्हित कर लिया गया है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत ऐसी कार्यवाहियाँ आगे भी जारी रहेंगी।

Related Articles

Back to top button