नाबालिग को पेड़ से बांधकर पीटने वाला आरोपी गिरफ्तार….

जशपुर ज़िले के पत्थलगांव क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एक नाबालिग बच्चे को पेड़ से बांधकर पीटने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।
सोशल मीडिया पर वायरल इस अमानवीय वीडियो को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने गंभीरता से लिया और पत्थलगांव पुलिस को तत्काल जांच के आदेश दिए।
जांच में यह सामने आया कि ग्राम लाखझार मांझीपारा निवासी करमु राम मांझी (35 वर्ष) ने खेत में नुकसान और पुवाल जलाने के संदेह में एक नाबालिग बच्चे को रस्सी से पेड़ में बांधकर बेरहमी से प्रताड़ित किया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 127(2) के तहत केस दर्ज किया है। साथ ही प्रतिबंधात्मक धाराओं में भी कार्रवाई की गई है। आरोपी को 13 जून को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी धुर्वेश कुमार जायसवाल, उप निरीक्षक अर्जुन यादव, सउनि राजनाथ भगत, और आरक्षक अजय खेस्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही। SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि “सोशल मीडिया में वायरल हुई घटना अत्यंत निंदनीय है, आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”




