महुआ शराब बनाने की अवैध भट्टी पर पुलिस की कार्यवाही, 220 लीटर शराब जब्त, एक गिरफ्तार

रायगढ़ – चक्रधरनगर पुलिस ने सपनई नाला जंगल क्षेत्र में महुआ शराब की अवैध भट्टी पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जंगल में दबिश देकर 220 लीटर महुआ शराब जब्त की है और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित शुक्ला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भगोरा के पास जंगल में अवैध रूप से महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी देकर पुलिस टीम ने जंगल का घेराव किया और मौके पर छापा मारा।
दबिश के दौरान एक युवक को रंगे हाथ पकड़ा गया, जिसकी पहचान ग्राम भगोरा निवासी 26 वर्षीय कैलाश राठिया के रूप में हुई है। आरोपी के पास से दो 50-50 लीटर के ड्रम, चार 25-25 लीटर की जरिकेन और एक 20 लीटर की जरिकेन में भरी कुल 220 लीटर महुआ शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 44,000 रुपये आंकी गई है।
इसके अलावा घटनास्थल से 10 खाली ड्रम भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी शराब निर्माण को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा बनाकर शराब को जब्त किया गया और आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला और निरीक्षक अमित शुक्ला समेत पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई ने क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों को सख्त संदेश दिया है कि ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।




