ऑपरेशन मुस्कान : पुलिस ने महाराष्ट्र से चार गुम बच्चों को सकुशल लौटाया….

जशपुर पुलिस को ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी सफलता मिली है। कुनकुरी क्षेत्र से लापता चार नाबालिग बच्चों को पुलिस ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से ढूंढ निकाला और सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
4 नवंबर को दो छात्र घर से नहाने का कहकर निकले थे, लेकिन देर तक वापस न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। रात में एक बच्चे ने फोन कर बताया कि वह तीन दोस्तों के साथ काम की तलाश में केरल जा रहा है। परिजनों के संदेह पर कुनकुरी थाना ने तुरंत मामला दर्ज किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में टीम का गठन, पुलिस की खोजबीन, लोकेशन ट्रेसिंग।
तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि बच्चे महाराष्ट्र के रायगढ़ में हैं। इसके बाद पुलिस टीम को रवाना किया गया। टीम ने चारों नाबालिगों को पहाड़ तालुका क्षेत्र में किराए के मकान से बरामद किया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे सभी दोस्त हैं और बिना बताए काम की तलाश में बस व ट्रेन बदलते हुए महाराष्ट्र पहुंच गए थे।
ऑपरेशन में थाना प्रभारी राकेश कुमार यादव और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। जशपुर एसएसपी ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान लगातार जारी है और सभी गुमशुदा बच्चों की तलाश प्राथमिकता पर की जा रही है।




