“ऑपरेशन आघात” : स्कूल और सार्वजनिक स्थानों के पास तंबाखू बिक्री पर हुई कार्रवाई, लगा 18 हजार से ज्यादा जुर्माना….

जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” अभियान के तहत जिलेभर में स्कूल परिसर और सार्वजनिक स्थानों के आसपास तंबाखू उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में कोटपा एक्ट के तहत कुल 91 प्रकरणों में ₹18,200 का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव, दुलदुला, कुनकुरी, तपकरा, बागबहार, कांसाबेल, बगीचा, आस्ता, तुमला, लोदाम, कोतबा और उपर कछार में दुकानदारों से जुर्माना वसूला। साथ ही उन्हें सिगरेट एवं अन्य तंबाखू उत्पाद अधिनियम (COTPA), 2003 के नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाखू उत्पाद की बिक्री प्रतिबंधित है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस द्वारा जनहित में इस अभियान को और तेज किया जाएगा।




