जशपुर

फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़कियों से दोस्ती और लूट करने वाला नाबालिग गिरफ्तार….

 

Advertisement

जशपुर – सोशल मीडिया के ज़रिए फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़कियों से दोस्ती करना और फिर मिलने के बहाने लूटपाट करना एक 17 वर्षीय नाबालिक बालक को भारी पड़ गया। जशपुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से इस अपचारी बालक को गिरफ्तार कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार आरोपी लड़कियों को फेसबुक व इंस्टाग्राम पर किसी अन्य लड़के की फोटो लगाकर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। बातचीत के दौरान वह उन्हें मिलने के लिए बुलाता और फिर मौका देखकर मोबाइल और पैसे लूटकर फरार हो जाता।

थाना कुनकुरी और नारायणपुर क्षेत्र में हुई दो घटनाओं में नाबालिक पीड़िताओं ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पहली घटना 26 जून को थाना कुनकुरी क्षेत्र में हुई, जहां आरोपी ने एक नाबालिक लड़की को झांसा देकर मिलने बुलाया और नकाब लगाकर उसकी मोबाइल लूट ली। दूसरी घटना 30 जून को थाना नारायणपुर क्षेत्र में सामने आई, जहां आरोपी ने पीड़िता से 2000 रुपये नकद और मोबाइल लूटने के बाद उसके मोबाइल से 25,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर लिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की। टीम ने टेक्निकल एनालिसिस के जरिए फर्जी फेसबुक आईडी, बैंक ट्रांजैक्शन और मोबाइल डाटा का विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में आरोपी के कब्जे से लूटी गई सामग्री, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी, पीड़िताओं के मोबाइल से उनके मित्रों से संपर्क कर बीमारी का बहाना बनाकर उनसे भी रुपये ऐंठता था।

फिलहाल आरोपी बालक को गिरफ्तार कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया है, वहीं पुलिस को आशंका है कि इस तरह की और घटनाएं भी सामने आ सकती हैं। आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया खातों की विस्तृत जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल से निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज, आरक्षक अनील सिंह, और थाना नारायणपुर के निरीक्षक आर.एस. पैंकरा, उप निरीक्षक आर.के. कश्यप, सैनिक ओमप्रकाश यादव की अहम भूमिका रही।

एसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहें, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

Related Articles

Back to top button