जशपुर

पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी, प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण..…

 

Advertisement

जशपुर जिले की पत्थलगांव पुलिस ने एक और अंधे कत्ल की गुत्थी महज 48 घंटे में सुलझा ली है। खेत में युवक की लाश मिलने से फैली सनसनी के बाद पुलिस ने बेहद प्रोफेशनल तरीके से जांच करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

मामला पत्थलगांव के भाथूडांड इलाके का है, जहां 4 अप्रैल को खेत में 20 वर्षीय युवक सुधन दास की लाश मिली थी। शुरुआती जांच में मौत की वजह साफ नहीं थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई।

जांच में जुटी पुलिस को सायबर सेल की मदद से आरोपी जयशंभु दास महंत तक सुराग मिला। पूछताछ में आरोपी ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के बाद उसने सच उगल दिया।

जयशंभु ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड के साथ मृतक सुधन दास द्वारा जबरदस्ती करने की कोशिश पर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने सुधन दास का गला घोंट दिया।

वारदात के बाद आरोपी ने सबूत छुपाने की कोशिश की और मोटरसाइकिल को जंगल में छिपा दिया, लेकिन पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम पर बाइक को भी बरामद कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि टीम ने अत्यंत प्रोफेशनल तरीके से काम करते हुए आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया। जांच टीम को नगद इनाम देकर सम्मानित किया गया है।

इस पूरे मामले में एसडीओपी ध्रुवेष जायसवाल, निरीक्षक विनीत पांडेय सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की तेज़ कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ है कि जशपुर पुलिस अपराधियों को बख्शने वाली नहीं है।

Related Articles

Back to top button