ऑपरेशन बाज” में बड़ी सफलता: 22 किलो से ज्यादा गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार….

मुंगेली पुलिस ने “ऑपरेशन बाज” के तहत मादक पदार्थ तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.700 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई, जिसमें साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन लोग स्कूटी में भारी मात्रा में गांजा लेकर बिलासपुर की ओर से मुंगेली आ रहे हैं। सूचना के आधार पर गीधा बायपास तिराहे पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका गया। जांच के दौरान स्कूटी सवार तीनों व्यक्तियों के पास से अलग-अलग पैकेट में भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अवैध रूप से गांजा परिवहन और बिक्री की बात स्वीकार की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवा पटेल (21 वर्ष) और आदित्य कर्माकर (20 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 22.700 किलो गांजा, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 2 लाख 75 हजार रुपए बताई जा रही है।आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, नाबालिग को विधिक प्रक्रिया के तहत न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।




