मुंगेली

बारात से लौट रही कार बनी आग का गोला, दूल्हा-दुल्हन समेत 7 लोगों ने कूदकर बचाई जान

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिला मार्ग स्थित ग्राम बंधवा पुलिया के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बारातियों से भरी एक कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत सभी लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

Advertisement

बताया जा रहा है कि घटना 23 मार्च की सुबह करीब 8 बजे की है। बेमेतरा से विवाह संपन्न कर लौट रहा दूल्हा-दुल्हन का परिवार जैसे ही बोधापारा मुख्य मार्ग से गुजर रहा था, तभी अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने तुरंत गाड़ी रोकी और सभी को बाहर निकलने को कहा, जिससे सभी सुरक्षित बच गए।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही लालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं राहत की बात यह है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

Related Articles

Back to top button