विधि-विधान-वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुले केदारनाथ धाम के कपाट….

श्री केदारनाथ धाम के कपाट पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आज श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए गए हैं। इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। मंदिर को 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत किया है। एक्स पर शेयर गए किए एक पोस्ट में सीएम धामी ने कहा कि कपाट खुलने के पावन अवसर पर हम उत्तराखंड की इस दिव्य भूमि पर पवित्र चार धाम यात्रा के लिए आप सभी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन करते हैं।
मंदिर में दर्शन के बाद सीएम धामी ने कहा कि तीर्थयात्रा आज शुरू हो रही है और भक्तों में ज़बरदस्त उत्साह है। बद्री-केदार मंदिर समिति ने बहुत बढ़िया इंतज़ाम किए हैं। तीर्थयात्रियों के कई जत्थे पहले ही गुज़र चुके हैं। यह सच है कि भक्त आम तौर पर पवित्र रीति-रिवाजों के अनुसार यात्रा शुरू करते समय सभी नियमों का पालन करते हैं, लेकिन एक खास नियम ऐसा है, जिसका पालन करने की अपील हमारे प्रधानमंत्री ने भी सभी से की है। वह है, सफ़ाई बनाए रखना और तीर्थयात्रा के रास्ते को प्लास्टिक-मुक्त रखना। उम्मीद है कि यह संदेश इस पवित्र स्थान से गूंजेगा और दूसरी सभी जगहों तक भी फैलेगा।”
इस बार जारी की गई गाइडलाइंस के मुताबिक, मंदिर परिसर में किसी भी तरह की रील बनाना या वीडियोग्राफी करना मना है। मंदिर परिसर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी मना है। इसकी जानकारी रुद्रप्रयाग की एसपी निहारिका तोमर ने दी है। निहारिका ने बताया कि मंदिर प्रशासन ने एक मोबाइल काउंटर और लॉकर सिस्टम भी बनाया है। मैं सभी श्रद्धालुओं से अपील करना चाहूंगी कि वे मंदिर परिसर में किसी भी तरह की वीडियोग्राफी न करें और न ही रील बनाएं, ताकि इसकी गरिमा और पवित्रता बनी रहे। एसपी ने कहा कि यहां बिना इजाज़त ड्रोन उड़ाना भी मना है।




