“ऑपरेशन आघात” : 36 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 15 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 36 किलो 170 ग्राम गांजा के साथ आरोपियों को दबोचा है। जब्त गांजे, कार और मोबाइल की कुल कीमत करीब 15 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजा की खेप रायगढ़ लाई जा रही है। सूचना के आधार पर बंगुरसिया ढाबा के पास नाकेबंदी कर एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे उड़ीसा से गांजा लाकर रायगढ़ में सप्लाई करते थे और बिक्री की रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है और इस तरह के संगठित अपराधों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




