ऑपरेशन ‘निश्चय’ में पुलिस का बड़ा एक्शन: 685 किलो गांजा के साथ 700 नशीली टैबलेट जब्त, 13 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद में नशे के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है।सिर्फ 10 घंटे के भीतर जिले के चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 5 अलग-अलग मामलों में 685 किलो से ज्यादा गांजा और 700 नशीली टैबलेट जब्त की है। इस दौरान 13 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों के आरोपी शामिल हैं।
बसना में पैकर्स एंड मूवर्स की आड़ में 454 किलो गांजा, कोमाखान में कार और ट्रक से 225 किलो, जबकि सिंघोड़ा में बाइक से गांजा बरामद किया गया। वहीं महासमुंद में आरपीएफ की मदद से नशीली दवाइयां भी पकड़ी गईं।
तस्करी के लिए पिकअप, कार, ट्रक, बाइक और यहां तक कि ट्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा था, लेकिन पुलिस ने हर तरीके को नाकाम कर दिया।पूरी कार्रवाई में 4 करोड़ 61 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।




