लाखों फॉलोवर्स वाला युट्यूबर सहित 27 गिरफ्तार, नशे के कारोबार से जुड़े तार.

छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने जनवरी महीने में अलग-अलग मामलों में करीब साढ़े सात करोड़ रुपये से ज्यादा का नशीला पदार्थ जब्त किया है। इस कार्रवाई में एक चर्चित यूट्यूबर सहित 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार महाराष्ट्र निवासी यूट्यूबर आकाश जाधव ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी नेटवर्क का मुख्य सरगना था। उसके यूट्यूब चैनल पर 56.8 लाख और इंस्टाग्राम पर 3.17 लाख फॉलोअर्स हैं। पुलिस ने आरोपी की करीब डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की है।कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस ने 950 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 4 करोड़ 75 लाख रुपये है, के साथ मुख्य व्यवस्थापक प्रदीप मुसदवले को गिरफ्तार किया। वहीं 520 किलो गांजा, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है, के मामले में महाराष्ट्र के पूणे निवासी सोनवाने परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल सात आरोपियों को पकड़ा गया है।
इसके अलावा अन्य मामलों में 50 किलो, 26 किलो और 32 किलो से अधिक गांजा और 146 नग नशीली सिरप भी जब्त की गई है। पुलिस मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और डिजिटल लेन-देन के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क को तोड़ने में जुटी है।फिलहाल महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई जारी है।




