1700 किलोमीटर दूर तमिलनाडु से गांजा सप्लायर गिरफ्तार, पुलिस की एंड-टू-एंड जांच सफल

महासमुंद पुलिस ने चार महीने पुरानी गांजा तस्करी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। 1700 किलोमीटर दूर तमिलनाडु में छिपे उड़ीसा के मुख्य गांजा सप्लायर को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया गया है। पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई।
मामला खल्लारी थाना क्षेत्र का है, जहां 17 फरवरी 2026 को पुलिस ने 23 किलो 790 ग्राम गांजा, एक बाइक और दो मोबाइल जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि गांजे की सप्लाई उड़ीसा के बलांगीर निवासी बसंता सुना कर रहा था, जो घटना के बाद फरार होकर तमिलनाडु में छिपा बैठा था।
सायबर टीम की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद महासमुंद पुलिस की टीम ने तमिलनाडु के तिरुपुर जिले में दबिश देकर बसंता सुना को गिरफ्तार किया और ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गांजा तस्करी नेटवर्क के सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन तक एंड-टू-एंड जांच का हिस्सा है। अब आरोपी को विशेष एनडीपीएस कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




