बिलासपुर

गुरुघासीदास विश्वविद्यालय हॉस्टल मेस में चाकूबाजी, छात्र को दौड़ाकर पीटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर के गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां हॉस्टल मेस में नाश्ते को लेकर हुए विवाद में मेस कर्मचारियों ने एक छात्र पर चाकू से हमला करने की कोशिश की। मामले में कोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

घटना 11 जनवरी 2026 की है। गुरुघासीदास विश्वविद्यालय के तांतया भील बालक छात्रावास में संचालित मेस में आलूगुंडा नाश्ते को लेकर विवाद हुआ। छात्र हर्ष अग्रवाल द्वारा अन्य छात्र को नाश्ता देने की बात कहने पर मेस कर्मचारी दीपक केवट और दीपेंद्र केवट ने गाली-गलौज शुरू कर दी।विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपी मेस के प्लेटफॉर्म पर चढ़कर हाथ में चाकू लेकर छात्र को मारने के लिए दौड़ पड़े। आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की धमकी देते हुए छात्र के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की।

Advertisement

 

छात्र की शिकायत पर कोनी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 12/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी पुलिस ने जब्त किया है।

कोनी पुलिस ने दोनों आरोपियों दीपक केवट और दीपेंद्र केवट को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें।

Related Articles

Back to top button