बिलासपुर

दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की हुई मौत..….

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर – नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। बिलासपुर–रायपुर मार्ग पर एक बार फिर दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। अज्ञात वाहनों की टक्कर से हुई इन घटनाओं ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

Advertisement

नेशनल हाईवे नंबर 130 पर तेज रफ्तार का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। बिलासपुर–रायपुर मार्ग पर आए दिन हो रहे हादसे यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिंता का सबब बन चुके हैं। बीती रात दो अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों ने फिर दो परिवारों की खुशियों को उजाड़ दिया।पहला मामला भोजपुरी टोल प्लाज़ा के पास का है, जहां अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक रविदास, जो साँवाताल का कोटवार बताया जा रहा है, को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।वहीं दूसरा हादसा पेंड्रीडीह बाईपास से लगे अमसेना चौक में हुआ।

Advertisement

यहां कोलडिपो से घर लौट रहे युवक शोएब खान, निवासी झलफा को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोटों की वजह से शोएब ने भी दम तोड़ दिया।दोनों ही मामलों में वाहन चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गए। घटनाओं की सूचना पर हिर्री पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लगातार बढ़ते हादसों ने ना सिर्फ हाईवे पर यातायात की लापरवाही को उजागर किया है, बल्कि प्रशासन के सामने दुर्घटनाओं को रोकने की बड़ी चुनौती भी खड़ी कर दी है।तेज रफ्तार और लापरवाही मिलकर हाईवे को मौत का हाइवे बनाते जा रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर कब तक अज्ञात वाहनों की टक्कर में मासूम जिंदगियां यूं ही खत्म होती रहेंगी? पुलिस जांच जारी है, लेकिन परिवारों का दर्द कम नहीं हो रहा है।

 

Related Articles

Back to top button