कोयला लेवी घोटाला: ईडी ने 2.66 करोड़ की 8 संपत्तियां की कुर्क

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत 2 करोड़ 66 लाख रुपये की अचल संपत्तियों को कुर्क किया है।
ईडी ने अस्थायी कुर्की आदेश जारी कर कुल आठ अचल संपत्तियों को अपने कब्जे में लिया है, जिनमें जमीन के टुकड़े और आवासीय फ्लैट शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि ये संपत्तियां अवैध कोयला शुल्क वसूली और जबरन वसूली से अर्जित धन से आरोपी सौम्या चौरसिया और निखिल चंद्रकार द्वारा अपने रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई थीं।
यह कार्रवाई बेंगलुरु पुलिस, आयकर विभाग और रायपुर ईओडब्ल्यू/एसीबी द्वारा दर्ज मामलों के आधार पर की गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच कोयला परिवहन करने वालों से प्रति टन 25 रुपये की अवैध वसूली कर करीब 540 करोड़ रुपये जुटाए गए।
ईडी के अनुसार अब तक इस मामले में 273 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि 35 आरोपियों के खिलाफ विशेष पीएमएलए कोर्ट में अभियोग पत्र दाखिल किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।




