फ्लैट में चल रहा अवैध हुक्का संचालन पकड़ा गया, 6 गिरफ्तार

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। दुर्ग पुलिस ने चरोदा स्थित विजय शांति हाईट्स के एक फ्लैट में अवैध रूप से हुक्का संचालन का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि फ्लैट नंबर 23 में कुछ लोग अवैध तरीके से हुक्का पिला और पी रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की। दबिश के दौरान छह युवक हुक्का का सेवन करते पाए गए। पूछताछ में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 हुक्का पॉट, 2 हुक्का बर्नर, हुक्का फ्लेवर, प्लास्टिक पाइप, सिल्वर कॉइल पेपर समेत कुल 13 हजार 215 रुपये की सामग्री जब्त की है।मामले में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत अपराध क्रमांक 244/2026 दर्ज कर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक फ्लैट में अवैध रूप से हुक्का संचालन कर आर्थिक लाभ कमाने का प्रयास किया जा रहा था।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू और हुक्का सेवन प्रतिबंधित है, उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




